बिहार

नेपाल से शराब लेकर भारतीय सीमा में घुसते ही दो तस्कर गिरफ्तार, 32.7 लीटर नेपाली शराब बरामद!

अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को 32 लीटर 700 मिलीलीटर नेपाली शराब के साथ गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है। घूरना पुलिस की इस कार्रवाई से सीमावर्ती इलाके में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, घूरना थानाध्यक्ष सुमन कुमारी को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति नेपाल से मोटरसाइकिल पर नेपाली शराब लादकर भारतीय क्षेत्र के घूरना सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ तत्काल जांच अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने दोनों संदिग्धों को बाइक पर लदी नेपाली शराब के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान कुल 32 लीटर 700 मिलीलीटर नेपाली शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया।

इस संबंध में थानाध्यक्ष सुमन कुमारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों व्यक्तियों को शराब और बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में अररिया भेजा जाएगा।

सीमा पार से होने वाली शराब तस्करी पर नकेल कसने के लिए घूरना पुलिस लगातार निगरानी और छापेमारी कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Related posts

अगलगी में दो परिवारों के घर और दुकान जलकर राख, लाखों की संपत्ति का नुकसान

पत्रकार आदित्य गिरी के पिता का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की व्यापक तैयारी