पटना सिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में पटना सिटी की एसडीओ कशिश बक्शी ने गंगा घाटों का निरीक्षण कर अब तक की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं के आने-जाने के रास्तों को सुगम बनाया जा रहा है। जिन घाटों पर मिट्टी धंस रही है, वहां अतिरिक्त मिट्टी भराई कराई जाएगी।
एसडीओ ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को केवल सुरक्षित घोषित घाटों पर ही जाने की अनुमति होगी। अंतिम समय में यदि कोई घाट खतरनाक पाया जाता है, तो उसे बंद कर दिया जाएगा। वहीं, हाल ही में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने सभी घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने, पानी के अंदर निर्धारित गहराई तक सुरक्षा घेरा बनाने और खतरनाक घाटों को लाल कपड़े से घेरकर स्पष्ट रूप से चिह्नित करने का निर्देश दिया है। जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगा घाटों और तालाबों की सफाई कराई जा रही है। इसके साथ ही 60 कृत्रिम तालाब भी बनाए जा रहे हैं। पटना नगर निगम क्षेत्र के 109 छठ घाटों सहित पूरे जिले के 458 घाटों पर तैयारियां जारी हैं।
