बिहार

श्री चैतन्य मंदिर में 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा के साथ होगा अन्नकूट महाप्रसाद वितरण

पटना सिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) गायघाट, गुलजारबाग स्थित 500 वर्ष से अधिक प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्री चैतन्य मंदिर (ठाकुरबाड़ी) में आगामी 9 नवंबर को भव्य गोवर्धन पूजा एवं विशाल अन्नकूट महाप्रसाद वितरण महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन शाम 5 बजे से शुरू होगा। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।

श्री चैतन्य मंदिर न्यास समिति की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस महोत्सव के सफल आयोजन में आर्थिक, व्यवस्थागत एवं रणनीतिक रूप से न्यासी एवं प्रमुख समाजसेवी श्री नितिन कुमार रिंकू तथा वरिष्ठ समाजसेवी श्री शशि शेखर रस्तोगी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। दोनों ने संयुक्त रूप से कहा कि आस्था और जनसेवा का यह पावन संगम समाज को नई दिशा देने वाला है। इसके लिए समिति हरसंभव संसाधन और भव्य व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है।

मंदिर के सेवायत एवं न्यास समिति के सचिव सदानंद गोस्वामी ने बताया कि सन 1508 ईस्वी में भगवान श्रीकृष्ण और श्री राधा रानी के संयुक्त अवतार श्री चैतन्य महाप्रभु का यहां शुभागमन हुआ था। यह स्थल उनकी पावन विश्राम स्थली रही है। मंदिर में वृंदावन के साक्षात ठाकुर श्री राधारमण जी भी विराजमान हैं। इसके साथ ही यहां गौरवगाथा श्री चैतन्य पुस्तकालय भी है, जिससे देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत जुड़ी हुई है।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर गायघाट के पवित्र गोबर से गिरिराज धरण महाराज की मनोहारी प्रतिमा निर्मित कर विधिवत महापूजन, आरती और अन्नकूट महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।

आयोजन में विशेष योगदान दे रहे न्यासी श्री नारायण प्रकाश शाह ने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों की सेवा व्यापार जगत और नागरिकों का नैतिक धर्म है। इस आयोजन को सफल बनाने में न्यास समिति को समाज के विभिन्न वर्गों से सहयोग मिल रहा है।

वहीं, न्यास समिति के कोषाध्यक्ष श्री कृष्णा सिंघानिया ने कहा कि धर्म एवं सेवा से जुड़े हर वित्तीय संसाधन का समुचित और पारदर्शी नियोजन ही किसी भी न्यास की सुदृढ़ नींव है। समिति के उपाध्यक्ष श्री निशांत भारद्वाज ने कहा कि इतने बड़े धार्मिक समागम के लिए अनुशासन, सुरक्षा और सुगम जन-सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

न्यासी श्री अजीत कुमार ने गोवर्धन पूजा को प्रकृति संरक्षण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र-संस्कृति के उत्थान का श्रेष्ठ माध्यम बताया। वहीं न्यासी श्री रवि स्वरूप ने भी आम लोगों से इस धार्मिक अनुष्ठान में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में नागालैंड के माननीय राज्यपाल श्री नंद किशोर यादव, बिहार के पर्यटन मंत्री श्री केदार प्रसाद गुप्ता, कला-संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, सहकारिता मंत्री श्री रामकृपाल यादव तथा स्थानीय विधायक श्री रत्नेश कुशवाहा सहित पटना सिटी के कई प्रमुख एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।

समिति के पदाधिकारियों और न्यासियों ने एकजुट होकर संकल्प लिया है कि गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महाप्रसाद वितरण को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखकर एक विराट सामाजिक और सांस्कृतिक अवसर बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य पटना की 500 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक धार्मिक धरोहर का संरक्षण, विकास और निरंतर प्रगति सुनिश्चित करना है।

Related posts

प्रधानमंत्री के संभावित वैशाली दौरे को लेकर तैयारियां तेज

छठ महापर्व को लेकर गंगा घाटों पर तैयारियां तेज, एसडीओ कशिश बक्शी ने किया निरीक्षण

जहानाबाद एसपी के जनता दरबार में 13 लोगों की शिकायतें सुनी गईं