हाजीपुर, (न्यूज़ क्राइम 24) केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री, भारत सरकार श्री चिराग पासवान की अध्यक्षता में आज समाहरणालय, हाजीपुर स्थित पुष्कर्णी सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा), वैशाली की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले में संचालित केंद्र सरकार की विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों एवं क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
माननीय केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने तथा योजनाओं का लाभ निर्धारित समय-सीमा में लाभुकों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
बैठक में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं उपभोक्ता हितों की सुरक्षा, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा देने तथा केंद्रीय विद्यालय, हाजीपुर के भवन निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई।
जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) ने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण एवं जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में माननीय सांसद वैशाली श्रीमती वीणा देवी, माननीय मंत्री श्री संजय सिंह, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के माननीय विधायकगण, प्रखंड प्रमुख एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
