बिहार

आठ पुलिसकर्मी निलंबित; रिश्वत लेकर दो लोगों को छोड़ने का आरोप

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) फुलवारीशरीफ में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के मामले में पुलिसकर्मियों की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में प्रथम दृष्टया आठ पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। साथ ही विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) कार्यालय से 4 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 अक्टूबर को गुप्त सूचना के आधार पर फुलवारीशरीफ थाना पुलिस ने नया टोला पठान टोली में छापेमारी कर आकिब खान उर्फ मोहम्मद साकिब खान (32 वर्ष) को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया था।

इस मामले में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस दो अन्य व्यक्तियों मोहम्मद आफताब आलम और मोहम्मद एहसान को भी पकड़कर थाने लाई थी। आरोप है कि दोनों का नाम प्राथमिकी में दर्ज नहीं किया गया और कथित तौर पर मोटी रकम लेकर उन्हें पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया। पैसों के लेन-देन को लेकर पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी की बात भी सामने आई है।

जांच के घेरे में पुलिस अवर निरीक्षक दिवाकर प्रसाद, नारद मुनि सिंह, रितेश कुमार, आकाश कुमार, पवन कुमार, साबिर आलम, आनंद राज और शुभम कुमार शामिल हैं। सहायक पुलिस अधीक्षक, फुलवारीशरीफ मामले की जांच कर रहे हैं। कुछ स्थानीय लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संबंधित कर्मियों को निलंबित कर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

Related posts

जन्मजात क्लबफुट की ग्रसित बच्चों को सुरक्षित करने के लिए सदर अस्पताल में शुरू हुआ विशेष ओपीडी

बीआईटी मेसरा पटना में छात्र क्लब ‘ऊर्जा’ का शुभारंभ, वार्षिक पत्रिका ‘स्पार्क’ का विमोचन

अंडरपास या वैकल्पिक रास्ता नहीं तो ट्रेसपास बंद नहीं करने देंगे ग्रामीण