बिहार

बीआईटी मेसरा पटना में छात्र क्लब ‘ऊर्जा’ का शुभारंभ, वार्षिक पत्रिका ‘स्पार्क’ का विमोचन

फुलवारीशरीफ, अजीत। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी), मेसरा के पटना परिसर में विद्युत एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अभियांत्रिकी विभाग की ओर से सोमवार को विभागीय छात्र क्लब ‘ऊर्जा’ का शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर विभाग की वार्षिक पत्रिका ‘स्पार्क’ का विमोचन भी हुआ. कार्यक्रम में संस्थान के पूर्ववर्ती विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने अपने अनुभवों और उपलब्धियों से वर्तमान विद्यार्थियों को प्रेरित किया.

कार्यक्रम में गौरव कुमार ने अपनी सफलता की कहानी साझा की. उन्होंने वर्ष 2022 की गेट विद्युत अभियांत्रिकी परीक्षा में अखिल भारतीय प्रथम स्थान प्राप्त किया था. वहीं, स्वर्ण पदक विजेता शिवानी झा ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग परीक्षा में 277वीं रैंक हासिल करने के अपने अनुभव साझा किए. एआई ट्रांसफॉर्मेशन लीडर के रूप में कार्यरत सृष्टि प्रांजल ने भी अपनी शैक्षणिक और व्यावसायिक यात्रा के बारे में बताया. अतिथि वक्ताओं ने विद्यार्थियों को सफलता की चुनौतियों और करियर निर्माण के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया.

विभागीय छात्र क्लब ‘ऊर्जा’ के माध्यम से तकनीकी कार्यशालाओं, परियोजनाओं और विभिन्न विद्यार्थी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता, नवाचार, रचनात्मकता और सामूहिक कार्य की भावना विकसित करना है. क्लब के मार्गदर्शक के रूप में डॉ. श्रद्धा किशोर, राजकुमार मिश्रा और डॉ. अधिश्री को नामित किया गया है.

वहीं, वार्षिक पत्रिका ‘स्पार्क’ विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान, शोध कार्य, साहित्यिक अभिरुचि और रचनात्मक विचारों को प्रस्तुत करने का मंच प्रदान करेगी.

कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ. डीके मल्लिक, सहायक कुलसचिव तृषा कुमार, छात्र गतिविधि समन्वयक डॉ. पीसी श्रीवास्तव और आईआईसी संयोजक डॉ. परमजीत कौर सहित विभाग के अन्य शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे. कार्यक्रम को विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

Related posts

आठ पुलिसकर्मी निलंबित; रिश्वत लेकर दो लोगों को छोड़ने का आरोप

जन्मजात क्लबफुट की ग्रसित बच्चों को सुरक्षित करने के लिए सदर अस्पताल में शुरू हुआ विशेष ओपीडी

अंडरपास या वैकल्पिक रास्ता नहीं तो ट्रेसपास बंद नहीं करने देंगे ग्रामीण