फुलवारीशरीफ, अजीत। एम्स पटना में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना एवं विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से 3 से 5 नवंबर तक तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का आयोजन किया जा रहा है. ‘पासपोर्ट सेवा – पासपोर्ट आपके द्वार’ पहल के तहत आयोजित शिविर में संस्थान के संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को परिसर में ही पासपोर्ट संबंधी सेवाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं।
शिविर का उद्घाटन एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने किया. इस अवसर पर उप निदेशक (प्रशासन) नीलोत्पल बल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राज कुमार जालान समेत संकाय सदस्य, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
तीन दिवसीय शिविर में कुल 165 आवेदकों को सुविधा देने की योजना है. प्रतिदिन 55 आवेदकों के लिए अपॉइंटमेंट निर्धारित किया गया है. मोबाइल वैन के माध्यम से संस्थान परिसर में ही पासपोर्ट आवेदन की आवश्यक प्रक्रिया, दस्तावेजों का सत्यापन और बायोमेट्रिक डेटा संग्रह किया जा रहा है. इससे आवेदकों को पासपोर्ट सेवा केंद्र जाने के लिए अलग से समय निकालने और यात्रा करने की जरूरत नहीं होगी।
यह सुविधा खासकर चिकित्सकों, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है, जिनकी व्यस्त शैक्षणिक एवं व्यावसायिक दिनचर्या के कारण नियमित कार्यदिवस में पासपोर्ट सेवा केंद्र जाना मुश्किल होता है।
एम्स पटना परिसर में आयोजित यह दूसरा पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर है. इससे पहले 3 से 5 मार्च 2025 तक भी इस तरह का शिविर आयोजित किया गया था. संस्थान ने शिविर के आयोजन में सहयोग के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना के प्रति आभार जताया. अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की पहल से आवश्यक सरकारी सेवाएं संस्थान के सदस्यों तक सहज और सुविधाजनक तरीके से पहुंचती हैं।
