पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) यातायात पुलिस अधीक्षक सागर कुमार के नेतृत्व में कार्यालय में ‘लाइन डे’ का आयोजन किया गया। इस दौरान ऑर्डरली रूम एवं अनुरोध कक्ष के माध्यम से पुलिसकर्मियों के कल्याण, अनुशासन और विभागीय मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान पुलिसकर्मियों की समस्याओं, अनुरोधों और अवकाश आवेदनों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए त्वरित कार्रवाई करने की बात कही गई। वहीं, ड्यूटी के दौरान फील्ड में तैनात जवानों को होने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को भी सुना गया और उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता या उदासीनता बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पटना यातायात पुलिस के अनुसार, पुलिसकर्मियों का कल्याण और अनुशासन प्राथमिकता है। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस निरंतर प्रयासरत है।
