बिहार

बिहार ने की नेशनल रेड रन 4.0 की मेजबानी, पटना के गांधी मैदान में हुआ आयोजन

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार की मेजबानी में आज पटना के गांधी मैदान में नेशनल रेड रन 4.0 (चौथा संस्करण) का भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) के मार्गदर्शन और बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में देश के 32 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए प्रतिभागियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। नेशनल रेड रन में 10 किलोमीटर की दौड़ में लगभग 250 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि 2 किलोमीटर के वॉकथॉन में करीब 1,000 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री कुमार रवि ने कहा कि HIV के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़े सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में जागरूकता अभियान, बेहतर उपचार सुविधाओं और निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप HIV नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। अब HIV संक्रमित व्यक्ति के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है और उपचार एवं दवाइयों की उपलब्धता ने इस दिशा में नई उम्मीद जगाई है। उन्होंने कहा कि हमें भविष्य में भी निरंतर प्रयास करते हुए HIV संक्रमण की रोकथाम के साथ-साथ माँ से बच्चे में होने वाले संक्रमण को पूरी तरह नियंत्रित करने की दिशा में काम करना है। HIV संक्रमण केवल यौन संपर्क के माध्यम से ही नहीं, बल्कि संक्रमित रक्त एवं अन्य माध्यमों से भी फैल सकता है। इसलिए युवाओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग तक सही जानकारी और जागरूकता पहुंचाना आवश्यक है।

उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, उनकी पूरी टीम तथा आयोजन से जुड़े सभी सहयोगी संस्थानों को बधाई दी। साथ ही यूनिसेफ सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के प्रतिनिधियों, पदक विजेताओं, खिलाड़ियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों की सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।

बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री सुमित कुमार ने कहा कि नेशनल रेड रन 4.0 में आयोजित 10 किलोमीटर दौड़ और 2 किलोमीटर वॉकथॉन में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की सहभागिता यह दर्शाती है कि HIV के खिलाफ लड़ाई में पूरा देश एकजुट है। उन्होंने विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए प्रतिभागियों और अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान को और गति देने की अपील की।

इस अवसर पर राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) की डिप्टी डायरेक्टर जनरल डॉ. तान्जिन डिकिड ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि HIV के प्रति जागरूकता फैलाने में युवाओं की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन समाज में सही जानकारी पहुंचाने और HIV संक्रमण से जुड़े भेदभाव को समाप्त करने में अहम भूमिका निभाते हैं। नेशनल रेड रन 4.0 ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि HIV के खिलाफ जागरूकता की इस लड़ाई में युवा शक्ति और सामूहिक सहभागिता सबसे बड़ी ताकत है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूनिसेफ फील्ड ऑफिसर मोनिका नेल्सन ने कहा कि HIV के प्रति जागरूकता के साथ-साथ प्रत्येक व्यक्ति के लिए अपनी HIV जांच करवाना बेहद जरूरी है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की समय पर HIV जांच होने से संक्रमण की स्थिति का पहले ही पता लगाया जा सकता है। इससे गर्भावस्था के दौरान उचित उपचार एवं देखभाल सुनिश्चित कर माँ से बच्चे में HIV संक्रमण के खतरे को काफी हद तक रोका जा सकता है।

कार्यक्रम के समापन पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री कुमार रवि ने 10 KM दौड़ प्रतियोगिता के विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। बॉयज कैटेगरी में प्रथम स्थान पर पश्चिम बंगाल के अनुपम महतो, द्वितीय स्थान पर उत्तर प्रदेश के अभिषेक कुमार और तृतीय स्थान उत्तर प्रदेश के विद्या सागर रहें। जबकि गर्ल्स कैटेगरी में प्रथम स्थान पर महाराष्ट्र की स्नेहल खरात, द्वितीय स्थान पर मध्य प्रदेश की अंजलि पाटीदार और तृतीय स्थान पर उत्तर प्रदेश की सोनी देवी रहीं।

इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में श्री पियूष राज, अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय धावक, श्री शैलेश कुमार, अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट, श्री अशोक पाठक, अभिनेता (पंचायत वेब सीरीज में विनोद का किरदार निभाने वाले) शामिल हुए। इस अवसर पर श्री मनोज कुमार सिन्हा, संयुक्त निदेशक (आई.ई.सी.), BSACS, श्री एन.के. गुप्ता, अपर परियोजना निदेशक, BSACS और श्री आलोक सिंह, सहायक निदेशक (युवा), BSACS, सहित स्वास्थ्य विभाग और बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।

Related posts

एटीएम का ताला तोड़कर तीन बैट्री चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार!

नदी थाना पुलिस ने 1,181 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ एक आरोपी को किया गिरफ्तार!

नदी थाना पुलिस ने 1,181 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ एक आरोपी को किया गिरफ्तार!