पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) नदी थाना पुलिस ने कच्ची दरगाह स्थित हिटाची एटीएम का ताला तोड़कर तीन बैट्री चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई तीनों बैट्री के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और चोरी में उपयोग किए गए औजार भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आलमपुर कच्ची दरगाह निवासी नवीन कुमार ने 1 नवंबर 2026 को लिखित आवेदन दिया था कि कच्ची दरगाह स्थित हिटाची एटीएम का ताला तोड़कर उसमें लगी तीन बैट्री चोरी कर ली गई हैं। इस संबंध में नदी थाना कांड संख्या 430/2026, दिनांक 01.11.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2)/334(1) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रही काले रंग की स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। इसके बाद जक्कनपुर थाना क्षेत्र के पोस्टल पार्क रोड नंबर-03 (बी), काली मंदिर के पीछे निवासी सूरज कुमार, पिता विनोद कुमार को चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर एटीएम से चोरी की गई तीनों बैट्री भी बरामद कर ली गईं।
पुलिस ने चोरी की तीन बैट्री, काले रंग की स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-01-KJ-2971), वारदात के समय पहना गया स्वेटर, तार काटने वाले छह कटर, एक लोहे की छेनी, दो रिंच, दो टेस्टर और टूटा हुआ हेक्सा ब्लेड बरामद किया है। छापेमारी दल में नदी थाना के थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन, पुलिस अवर निरीक्षक देवकर्ण बंटी, संतोष कुमार, बलवंत प्रसाद सिंह और प्रवीण कुमार सहित सशस्त्र बल एवं महिला बल के जवान शामिल थे।
