फुलवारी शरीफ, अजीत : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षा में पेपर लीक मामले की जांच के सिलसिले में झारखंड पुलिस की टीम ने सोमवार को बेऊर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर में छापेमारी की. इस दौरान तनिष्क कुमार नामक युवक को हिरासत में लिया गया. झारखंड पुलिस उसे अपने साथ बेऊर थाना लेकर पहुंची, जहां करीब तीन घंटे तक पूछताछ की गयी.
गौरतलब है कि जेएसएससी परीक्षा का पेपर लीक होने का मामला सामने आने के बाद झारखंड में काफी हंगामा हुआ था. छात्रों ने इसके विरोध में आंदोलन और प्रदर्शन किया था. मामले को सरकार ने भी गंभीरता से लिया था. इसी मामले की जांच के क्रम में झारखंड पुलिस की टीम भूपतिपुर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
हालांकि, युवक की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस उससे पूछताछ कर मामले में उसकी संभावित भूमिका की जांच कर रही है.
