बिहार

हनुमान जयंती : महावीर मंदिर में आज से श्रीरामचरितमानस नवाह पाठ एवं कलश-स्थापना

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24)  हनुमान जयंती के पावन मौके पर महावीर मंदिर, पटना में 30 अक्टूबर, 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 9 बजे से कलश-स्थापना के साथ श्रीरामचरितमानस नवाह पाठ का शुभारंभ किया जाएगा। यजमान होंगे श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल। मंदिर के ऊपरी तल पर स्थित स्थायी मंडप में मिथिला (मधुबनी) की 9 सदस्यों वाली मंडली द्वारा नौ दिनों तक श्रीरामचरितमानस का नवाह पाठ किया जाएगा, जिसकी पूर्णाहुति दीपावली से एक दिन पहले यानी सात नवंबर को हनुमान जयंती के दिन होगी। इस अवसर पर मंडप को विधिवत सजाकर पूजा एवं पाठ के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त, पवनपुत्र हनुमान भक्ति, शक्ति, साहस, सेवा, विनम्रता और अटूट समर्पण के प्रतीक हैं, उनका जीवन निःस्वार्थ सेवा, कर्तव्यनिष्ठा तथा प्रभु के प्रति पूर्ण श्रद्धा की प्रेरणा देता है। हनुमान जयंती भगवान हनुमान के जन्मोत्सव के रूप में श्रद्धा एवं भक्तिभाव से मनाई जाती है। इस पावन अवसर पर श्रीरामचरितमानस का नवाह पाठ विशेष धार्मिक महत्त्व रखता है। श्रीराम के चरित्र, आदर्शों और मर्यादाओं का पाठ एवं श्रवण भक्तों को आध्यात्मिक शांति, सदाचार तथा सेवा-भाव की प्रेरणा प्रदान करता है। नवाह पाठ के माध्यम से मंदिर परिसर में नौ दिनों तक भक्तिमय वातावरण बना रहेगा। कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए एक व्यक्ति को पूजा पर बैठने तथा एक पुरोहित को पूजा संपन्न कराने का दायित्व सौंपा जाएगा। पूर्व में पद्मश्री आचार्य किशोर कुणाल जी स्वयं पूजा पर बैठते थे। अब यह दायित्व मंदिर के सचिव सायण कुणाल के कंधों पर है।

नवाह पाठ में स्थानीय श्रद्धालु भी अपने आसन एवं श्रीरामचरितमानस ग्रंथ के साथ सुविधानुसार सम्मिलित होकर सामूहिक पाठ कर सकेंगे। उनके बैठने, पाठ करने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रबंध मंदिर प्रशासन द्वारा किया गया है। मंदिर की ओर से भी श्रद्धालुओं के लिए आसन एवं श्रीरामचरितमानस की पुस्तकें उपलब्ध रखी जाएँगी। इस आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सामूहिक रूप से प्रभु श्रीराम के आदर्शों का स्मरण करने तथा भगवान हनुमान के प्रति अपनी श्रद्धा निवेदित करने का अवसर प्रदान करना है। मंदिर प्रशासन की ओर से नवाह पाठ को सुव्यवस्थित एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की तैयारी की गई है।

Related posts

वारिसलीगंज में बनेगा आधुनिक शुगर कॉम्प्लेक्स, मोतीपुर में फिर बजेगी चीनी मिल की सीटी

खेमनीचक अग्निकांड में 50 से अधिक दुकानें राख, सिलेंडर धमाकों के बीच नहीं बचा सके सामान

खेमनीचक सब्जी मंडी में भीषण अगलगी, 100 से अधिक झोपड़ियां राख