पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) दशमेश पिता, साहिब-ए-कमाल श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 360वें पावन प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक और भव्य स्तर पर मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं।तख्त पटना साहिब कमेटी के प्रधान जगजोत सिंह सोही ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी क्रम में पटना प्रमंडल के आयुक्त श्री राजेश कुमार के साथ आयुक्त कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रकाश पर्व के आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जिसने उनके साथ वरिष्ठ उपाध्यक्ष लखविन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह, महेन्द्रपाल सिंह ढिल्लों, सुमित सिंह कलसी, मैनेजर पपिंदर सिंह उपस्थित रहे।
सरदार सोही ने बतया बैठक के दौरान देश-विदेश से लाखों की संख्या में आने वाली संभावित संगत की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, ठहरने की व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर प्रकाश पर्व को श्रद्धा, सेवा, समर्पण और खालसाई शान के साथ ऐतिहासिक स्वरूप में मनाने के संकल्प को दोहराया गया। साथ ही इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि देश-विदेश से तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में नतमस्तक होने पहुंचने वाली संगत को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में इस पावन आयोजन को सफल बनाने के लिए बिहार सरकार, जिला प्रशासन, तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक समिति तथा समस्त संगत के आपसी सहयोग और बेहतर तालमेल को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया।
इस अवसर पर कहा गया कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का प्रकाश पर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गुरु साहिब की महान विरासत, त्याग, वीरता, मानवता और सर्वधर्म समभाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
प्रकाश पर्व के माध्यम से विश्वभर में सिख इतिहास, गुरु साहिब के महान आदर्शों और बिहार की गौरवशाली आध्यात्मिक परंपरा को नई पहचान देने का प्रयास किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज की पावन जन्मस्थली तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब सिख धर्म के पांच तख्तों में से एक है। ऐसे में 360वें प्रकाश पर्व को लेकर संगत में विशेष उत्साह है और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की दिशा में तैयारियां की जा रही हैं।
