फुलवारीशरीफ, अजीत। बिहार में दक्षिण भारतीय फिल्मों की शूटिंग को बढ़ावा देने की पहल तेज होने की उम्मीद है. तमिल फिल्मों के अभिनेता पंकज केशरी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर बिहार में दक्षिण भारतीय फिल्मों की शूटिंग शुरू कराने और फिल्म उद्योग के विस्तार को लेकर चर्चा की. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने फिल्म उद्योग से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख जताया. उन्होंने बिहार में फिल्मों की शूटिंग और बड़े आयोजनों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया.
मुलाकात के दौरान बिहार की प्राकृतिक और ऐतिहासिक लोकेशन को फिल्मों की शूटिंग के लिए इस्तेमाल करने तथा फिल्म निर्माताओं को आवश्यक सरकारी सहयोग उपलब्ध कराने के मुद्दे पर भी बातचीत हुई.मुलाकात के बाद दक्षिण भारतीय फिल्म जगत से जुड़े लोगों के लिए बिहार में शूटिंग की संभावनाओं को लेकर उम्मीद जगी है. माना जा रहा है कि सरकारी स्तर पर सहयोग मिलने से आने वाले दिनों में तमिल समेत दक्षिण भारतीय भाषाओं की फिल्मों की शूटिंग के लिए बिहार की लोकेशन का इस्तेमाल बढ़ सकता है.मुख्यमंत्री और अभिनेता के बीच बिहार में फिल्म निर्माण की संभावनाओं के साथ-साथ राज्य में बड़े सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ
अभिनेता पंकज केशरी ने मुख्यमंत्री के समक्ष दक्षिण भारतीय फिल्म निर्माताओं और फिल्म यूनिटों को बिहार में शूटिंग के लिए आमंत्रित करने का प्रस्ताव रखा. उन्होंने कहा कि बिहार में ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक स्थल फिल्मों की शूटिंग के लिए उपयुक्त हैं. यदि फिल्म यूनिटों को सुरक्षा, प्रशासनिक सहयोग और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएं तो दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग बिहार की ओर आकर्षित हो सकता है।
उन्होंने फिल्म शूटिंग के दौरान स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सरकार की भूमिका पर भी चर्चा की. इससे बिहार में फिल्म निर्माण से जुड़े रोजगार और स्थानीय कलाकारों को अवसर मिलने की संभावना भी बढ़ सकती है।
