फुलवारीशरीफ, अजीत। वोट चोरी के आरोपों और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ इंडिया गठबंधन समर्थित राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को फुलवारी शरीफ और संपतचक में विरोध मार्च निकालकर प्रदर्शन किया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन किया गया. प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आंदोलन तेज करने का आह्वान किया।
फुलवारी शरीफ में आयोजित विरोध मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़ो”, “लोकतंत्र बचाओ” और “संविधान बचाओ” जैसे नारे लगाये. प्रदर्शन में राजद, कांग्रेस और भाकपा-माले समेत इंडिया गठबंधन समर्थित दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. मौके पर पूर्व विधायक गोपाल रविदास, राजद के कौशर खान, सलाउद्दीन मंसूरी, भाकपा-माले नेता गुरुदेव दास सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे. प्रदर्शनकारियों ने पुतला दहन कर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाये और मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफे की मांग की।
संपतचक में इंडिया गठबंधन के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर “लोकतंत्र बचाओ मार्च” और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया. शिरपतपुर से शुरू हुआ मार्च संपतचक प्रखंड मुख्यालय पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रखंड कार्यालय के समक्ष पुतला दहन किया. प्रदर्शन के दौरान “वोट चोरी बंद करो”, “लोकतंत्र बचाओ”, “संविधान बचाओ” और “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” के नारे लगाये गये।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाकपा-माले के प्रखंड सचिव कॉमरेड सत्यानंद कुमार, राजद नेता सह नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार,माले नेता धनराज पासवान, कॉमरेड जगदीश आर्य, सुरेश सिंह, राजमणि देवी, सोनामा पंचायत के मुखिया भीमदास, सुरेश दास, पूनम देवी, सिभीषण आर्य, संपतचक राजद अध्यक्ष बखौरी राय, राजद के पूर्व मुखिया सुरेश राय और सहित अन्य नेताओं ने किया।
प्रखंड मुख्यालय पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कॉमरेड जगदीश आर्य, सत्यानंद कुमार और भीमदास ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मताधिकार की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जनजागरण और लोकतांत्रिक आंदोलन को मजबूत करने की बात कही. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आम नागरिकों, युवाओं, किसानों, मजदूरों और लोकतंत्र समर्थक लोगों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। प्रदर्शन में इंडिया गठबंधन से जुड़े विभिन्न दलों के बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
