पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) गौरीचक थाना क्षेत्र के पियारिया गांव स्थित कालिका हाई स्कूल के समीप गुरुवार को दिनदहाड़े दो युवकों को गोली मार दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।पटना सदर एसडीपीओ रंजन कुमार ने बताया कि करीब तीन बजे पुलिस को दो युवकों को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक स्कूल जाने के दौरान रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते को लेकर विवाद हुआ और गोली चलने की बात सामने आई।
घायलों की पहचान सुमित कुमार और आदित्य कुमार, दोनों चंडासी निवासी के रूप में हुई है। सुमित का इलाज मेदांता अस्पताल में, जबकि आदित्य का इलाज गौरीचक क्षेत्र के नारायण हॉस्पिटल में चल रहा है। एसडीपीओ के अनुसार, घायल युवकों ने सूरजभान सिंह,निवासी पियरिया, पर गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ भी कर रही है।पुलिस का कहना है कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
