अररिया, रंजीत ठाकुर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को अररिया जिले के रानीगंज प्रखंड अंतर्गत बरमोत्तरा स्थित मध्य विद्यालय खरहट के प्रांगण में मेरा युवा भारत, युवा एवं खेल मंत्रालय, अररिया के तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के दर्जनों वृद्धजनों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यमुना प्रसाद मंडल एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक सत्यनारायण मंडल ने वृद्धजनों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान बुजुर्गों के प्रति सम्मान, सेवा और जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
स्वयंसेवक अजीत रंजन ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बुजुर्गों के अधिकारों की रक्षा, उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देना और उनके साथ होने वाले दुर्व्यवहार व उपेक्षा को रोकना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से वृद्धजनों की नियमित देखभाल और सम्मान करने का संकल्प लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 14 दिसंबर 1990 को 1 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी और पहली बार यह दिवस 1 अक्टूबर 1991 को मनाया गया था। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने वृद्धजनों के सम्मान और उनकी देखभाल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
