बिहार

मोतिहारी जेल में 137 बंदी कर रहे छठ, मुस्लिम महिला रुखसाना 12 वर्षों से रख रही हैं व्रत

पटना/मोतिहारी, (न्यूज़ क्राइम 24) आस्था और सामाजिक सौहार्द की मिसाल मोतिहारी सेंट्रल जेल में देखने को मिल रही है. यहां 137 बंदी लोक आस्था के महापर्व छठ की उपासना कर रहे हैं. इनमें मुस्लिम महिला बंदी रुखसाना खातून भी शामिल हैं, जो लगातार 12 वर्षों से छठ व्रत करती आ रही हैं. जेल की चारदीवारी के भीतर भी भगवान सूर्य की आराधना और छठी मैया की भक्ति का माहौल बना हुआ है।

छठ पर्व को लेकर पूर्वी चंपारण जिले में प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं. सभी अनुमंडलों में छठ घाटों की साफ-सफाई, रोशनी और सजावट की व्यवस्था की जा रही है. जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और एसपी स्वर्ण प्रभात विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं. इसी क्रम में दोनों अधिकारी मोतिहारी सेंट्रल जेल पहुंचे और बंदियों के छठ व्रत को लेकर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि जेल में छठ करने वाले बंदियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है. वहीं एसपी ने कहा कि पर्व के दौरान चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए गांवों और शहरों में विशेष पुलिस गश्ती होगी. छठ घाटों पर आतिशबाजी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. पुलिसकर्मियों को व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन शांतिपूर्ण माहौल में छठ महापर्व संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

Related posts

छठ घाट निर्माण कार्य का विधायक श्याम रजक ने किया उद्घाटन, कहा- छठ व्रतियों को मिलेगी बेहतर सुविधा

छठ घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए नदी-तालाबों पर उमड़ी भीड़

छठ घाट की सजावट और सफाई के दौरान पुनपुन नदी में डूबे तीन किशोर, परिवार में मचा कोहराम