पंजाब

पोस्टमॉर्टम जल्दी कराने के लिए ₹10 हजार मांगने पर हंगामा

पानीपत, धर्मवीर शर्मा : असंध रोड पर शनिवार रात सड़क हादसे में एक कंप्यूटर ऑपरेटर की मौत हो गई। हादसा थर्मल पावर स्टेशन के नजदीक श्री सीमेंट फैक्ट्री के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर अस्पताल में भिजवा दिया। अभी मृतक के परिजनों की तरफ से पुलिस को शिकायत नहीं दी गई।मृतक के परिजनों का आरोप है कि सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई जल्दी करवाने के नाम पर उनसे 10 हजार रुपए मांगे गए। परिजनों ने पैसे मांगने वाले को पकड़ लिया और उसका वीडियो भी बनाया। इसके बाद वह भाग गया।

थर्मल प्लांट में कंप्यूटर ऑपरेटर था मृतक की पहचान सौदापुर निवासी रोहित उर्फ रिंकू पांडे (30) के रूप में हुई है। वह थर्मल प्लांट में कंप्यूटर ऑपरेटर था। हादसा शनिवार रात करीब 8 बजे का बताया जा रहा है। रोहित काम खत्म करने के बाद घर लौट रहा था। वह श्री सीमेंट फैक्ट्री के पास पुलिया पर पहुंचा तो एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी मौत हो गई।

वह परिवार में अपने माता-पिता और छोटे भाई टिंकू के साथ रहता था। रोहित अविवाहित था। उसका भाई टिंकू रिफाइनरी में काम करता है, जबकि माता-पिता घर पर ही रहते हैं।

पोस्टमॉर्टम के नाम पर 10 हजार मांगने का आरोप

रोहित के मामा अनिल पांडे और मनीष ने आरोप लगाया कि सिविल अस्पताल में एल्युमिनियम का काम करने वाले सुखविंदर ने जल्दी पोस्टमॉर्टम करवाने के नाम पर उनसे 10 हजार रुपए मांगे। वे सुबह से रोहित के पोस्टमॉर्टम का इंतजार कर रहे थे, लेकिन कार्रवाई में देरी हो रही थी।

परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान सुखविंदर ने उनसे खर्च-पानी के नाम पर पैसे मांगे। उन्होंने सुखविंदर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से भाग गया। परिजनों ने मौके पर सुखविंदर का वीडियो भी बनाया। उनका कहना है कि वे पहले ही रोहित की मौत से परेशान हैं और अब पोस्टमॉर्टम के नाम पर भी उनसे पैसे मांगे जा रहे हैं।

CMO बोले- मामला संज्ञान में नहीं

चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) डॉ. विजय मलिक ने कहा कि अभी यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। अगर परिजन लिखित शिकायत देते हैं और पहचान बताते हैं तो अस्पताल प्रबंधन की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

गुरुकुल में बेटी से मिलकर घर लौट रही थी माँ, ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला; मौके पर मौत!

रविवार को खुले बैंक, ग्राहकों ने पहली बार देखा ऐसा नजारा

डीपीएस पानीपत सिटी में सीबीएसई नेशनल गर्ल्स तीरंदाजी चैंपियनशिप का समापन

error: