शेखपुरा, उमेश कुमार : समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में शुक्रवार को जिलाधिकारी शेखर आनंद की अध्यक्षता में ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान कुल 23 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें जमाबंदी में सुधार, बिजली बिल सुधार, सौर प्लेट की गुणवत्ता जांच, पति की मृत्यु के बाद पत्नी को घर से बेदखल करने, मनरेगा मजदूरी भुगतान, बैंक लोन चुकाने के बाद जमीन के कागजात वापस नहीं मिलने, आंगनबाड़ी केंद्र शिफ्ट करने, शिक्षक का वेतन भुगतान, नली-गली निर्माण, मारपीट, मंदिर में गंदगी, वृद्धा पेंशन, जमीन सीमांकन, तालाब अतिक्रमण, रास्ता अवरुद्ध करने और परवरिश योजना सहित अन्य मामले शामिल थे।
जिलाधिकारी ने एक-एक फरियादी को अपने पास बुलाकर ध्यानपूर्वक उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर हो और किसी भी फरियादी को बार-बार कार्यालय का चक्कर न काटना पड़े।
इस मौके पर अपर समाहर्ता धर्मेन्द्र कुमार, जिला जनता दरबार प्रभारी सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।
