पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) शाह अजीमाबाद वेलफेयर एजुकेशनल एंड चेरिटेबल ट्रस्ट, पटना सिटी की बैठक मंगलवार को मुख्य संरक्षक एवं बिहार राज्य शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन जनाब इरशाद अली आजाद की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी संस्था का 12वां वार्षिकोत्सव एवं सम्मान समारोह 27 सितंबर 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
संस्था के सचिव मो. यूनुस ने बताया कि समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, समाजसेवा, खेल, कला, उद्योग, महिला उद्यमिता, विधि एवं प्रशासनिक क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्ट लोगों को ‘अजीमाबाद रत्न 2026’ सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा संस्था की ओर से सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 25 महिलाओं को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से वरीय अधिवक्ता, पटना उच्च न्यायालय मो. मुश्ताक आलम को संस्था का विधि सलाहकार एवं आजीवन सदस्य मनोनीत किया गया।
बैठक में संस्था की ओर से ‘अजीमाबाद एक दिवसीय नाइट क्रिकेट मैच’ आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। यह मैच 20 सितंबर 2026 को कुम्हरार में आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता की विजेता टीम को संस्था के वार्षिकोत्सव समारोह में सम्मानित किया जाएगा। बैठक में एडवोकेट मो. मुश्ताक आलम, मो. अंजुम आलम, रशीद अख्तर, मो. नौशाद, मो. अफरीदी, मो. सादिक, रूपेश कुमार, मो. अनवर, मो. राजू, परवीन आरा, शबनम शाहीन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
