बिहार

अमित शाह से मिले पटना साहिब प्रबंधक कमेटी के प्रतिनिधि, विकास योजनाओं पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, (न्यूज़ क्राइम 24) तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह एवं उपाध्यक्ष सरदार गुरुविंदर सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान सिख समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के साथ तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान पटना साहिब कॉरिडोर, कंगन घाट में बहुमंजिला पार्किंग, हरिमंदिर गली के विकास सहित देश-विदेश से आने वाली संगत की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

अमित शाह ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में प्रबंधक कमेटी की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। साथ ही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति के संबंध में भी चर्चा की। प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह ने कहा कि तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब की गरिमा और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए संगत को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना कमेटी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पटना साहिब के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से चल रहे प्रयासों को और गति देने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि अमित शाह के साथ हुई मुलाकात सकारात्मक एवं आश्वस्तकारी रही। पटना साहिब के विकास और सिख समाज से जुड़े विषयों को जिस गंभीरता से सुना गया, उससे संगत में सकारात्मक संदेश गया है। उपाध्यक्ष सरदार गुरुविंदर सिंह ने कहा कि तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब विश्वभर की सिख संगत की आस्था का प्रमुख केंद्र है। श्रद्धालुओं की सुविधा, ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और पटना साहिब के विकास के लिए प्रबंधक कमेटी लगातार प्रयासरत है। कमेटी के अनुसार, मुलाकात के दौरान पटना साहिब के विकास और संगत की सुविधाओं से जुड़े विषयों पर सकारात्मक सहयोग का विश्वास मिला।

Related posts

पटना सिटी में 10-11 सितंबर को भादो वदी अमावस्या महोत्सव, 501 महिलाओं का होगा मंगल पाठ

बाढ़ प्रभावितों की सुरक्षा, मदद और राहत के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

पर्यूषण महापर्व आज से, आत्मशुद्धि और संयम की आराधना में जुटे जैन श्रद्धालु

error: