अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमावर्ती शहर जोगबनी के गांधी चौक पर रविवार की संध्या जोगबनी व्यापार संघ की ओर से नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा एवं जलप्रलय में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि एवं व्यापारी शामिल हुए। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभावित लोगों के शीघ्र सुरक्षित होने की कामना की गई।
श्रद्धांजलि सभा में फारबिसगंज एसडीएम अभय तिवारी, फारबिसगंज कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास, नरपतगंज भाजपा विधायक देवंती यादव, जोगबनी नगर परिषद की मुख्य पार्षद रानी देवी, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रोहित यादव, पूर्व मुख्य पार्षद प्रतिनिधि राजू राय, मृत्युंजय पांडे, व्यापार संघ के उपाध्यक्ष मंटू भगत, भाजपा जिला प्रवक्ता कुंदन पोद्दार, पतंजलि योग गुरु जितेंद्र पूर्वे आर्य, प्रकाश चंद्र विश्वास, राकेश राना, भीम राय, भाजपा नगर अध्यक्ष कन्हैया साह, अजय कुमार दुबे, अमित सिंह, वार्ड पार्षद प्रभात सिंह, राघव मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच वर्षों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और मानवीय संबंध हैं। ऐसे संकट के समय नेपाल के लोगों के साथ खड़ा रहना दोनों देशों की साझा संवेदना, सहयोग और भाईचारे का प्रतीक है। वक्ताओं ने कहा कि प्राकृतिक आपदा ने नेपाल में कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस कठिन घड़ी में सभी को पीड़ित परिवारों के साथ संवेदनशीलता और सहयोग की भावना से खड़ा होना चाहिए। सभा के अंत में मृतकों के परिजनों को दुख सहने की शक्ति मिलने तथा आपदा से प्रभावित लोगों के शीघ्र सुरक्षित होने की प्रार्थना की गई।
