पानीपत, धर्मवीर पंडित : शहर के सिवाह स्थित बस स्टैंड के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक 200 फीट ऊंचे बिजली के टावर पर चढ़ गया। करीब 20 मिनट तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए मौके पर स्थानीय निवासियों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सैकड़ों लोग अपने मोबाइल फोन से इस घटना का वीडियो बनाने लगे। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-29 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा।
शराब पार्टी के दौरान दोस्तों से हुई थी मारपीट सेक्टर-29 थाना प्रभारी SI रोबिन ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां पूछताछ में उसने अपना नाम शिवम बताया। मूल रूप से बिहार के बलिया का रहने वाला शिवम पानीपत के बरसत रोड पर किराए के कमरे में रहता है और वहीं एक कपड़ा गोदाम में मजदूरी करता है।
शिवम ने बताया कि रविवार को उसे अपने गांव जाना था। गांव जाने से पहले वह अपने दो दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद दोस्तों ने उसके साथ मारपीट कर दी। दोस्तों के इस व्यवहार से आहत और नाराज होकर वह नशे की हालत में सिवाह बस स्टैंड पहुंचा और बिजली के टावर पर चढ़ गया।
बिजली आपूर्ति रही बाधित, पुलिस ने उतारा नीचे। युवक के टावर पर चढ़ने के दौरान सुरक्षा केz लिहाज से आसपास के इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए युवक को काफी देर तक समझाया, जिसके बाद वह धीरे-धीरे टावर से नीचे उतरा। पुलिस ने युवक को शांत कराया और आगामी पूछताछ के लिए थाने ले आई।
