फुलवारीशरीफ, अजीत। पटना के संपतचक स्थित गोपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे दो बदमाशों और दो विधि-विरुद्ध किशोरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और तीन एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए हैं. गिरफ्तार दोनों युवकों की पहचान सोना गोपालपुर निवासी सनी कुमार (22 वर्ष), पिता राजेश प्रसाद और गौरव कुमार (21 वर्ष), पिता पप्पू केवट के रूप में हुई है. इनके साथ दो विधि-विरुद्ध किशोरों को भी पकड़ा गया है. पुलिस सभी से पूछताछ कर इनके आपराधिक मंसूबों और संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोसाई मठ गांव में एक बगीचे के पास कुछ युवक जमा हुए हैं और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की योजना बनाई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी कर दी. पुलिस टीम को अचानक मौके पर पहुंचा देखकर वहां मौजूद युवक भागने लगे. हालांकि, पुलिस ने पहले से ही इलाके की घेराबंदी कर रखी थी, जिसके कारण सभी भागने में सफल नहीं हो सके और चारों को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए. इसके अलावा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हथियार इनके पास कहां से आया और इसका इस्तेमाल किस आपराधिक घटना में किया जाना था. पुलिस को आशंका है कि सभी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे थे. हालांकि, इनके निशाने पर कौन था और किस इलाके में घटना को अंजाम देने की योजना बनाई गई थी, इसका खुलासा पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।
तीनों मोबाइल का कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस-
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि बरामद तीनों एंड्रॉयड मोबाइल की जांच की जा रही है. कॉल डिटेल रिकॉर्ड के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि गिरफ्तार युवक किन-किन लोगों के संपर्क में थे, किन मोबाइल नंबरों पर लगातार बातचीत हो रही थी और घटना से पहले या बाद में किससे संपर्क किया गया था. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी इस आपराधिक योजना में शामिल था या नहीं. हथियार की उपलब्धता और संभावित आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
