बिहटा, आनंद मोहन : बिहटा थाना क्षेत्र के परेव में रविवार की सुबह सोन नदी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गयी। इस दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी है। वहीं, गोली लगने से बिहटा थाना के सब इंस्पेक्टर राजू कुमार सिंह भी घायल हो गये। घायल अपराधी और पुलिस को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि सोन नदी में कुछ अपराधी नाविकों से रंगदारी वसूल रहे हैं। सूचना सही पाये जाने पर पुलिस टीम अपराधियों को पकड़ने के लिए परेव क्षेत्र में पहुंची।
पटना वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस को अपनी ओर आता देख अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की। देखते ही देखते नदी के बीच दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलने लगीं। कुछ देर तक चली मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लग गयी। घायल अपराधी की पहचान अवनीश कुमार के रूप में बतायी जा रही है। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। मुठभेड़ के दौरान बिहटा थाना के सब इंस्पेक्टर राजू कुमार सिंह को बांह में गोली लगने से घायल हो गये। बताया जा रहा है कि गोली उनकी बांह को छूकर निकल गयी। उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली। इस दौरान पिस्टल समेत अन्य हथियार बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से एक नाव भी जब्त की है। बरामद हथियारों और नाव के संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी दी है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पटना वरीय पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी संकेत कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। घटना के बाद सोन नदी और आसपास के इलाकों में पुलिस ने छानबीन तेज कर दी है। फरार अपराधियों की तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है।
मुठभेड़ में घायल अवनीश कुमार टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल बताया जा रहा है। वह एके-47 से जुड़े एक मामले में फरार चल रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मुठभेड़ के दौरान उसके साथ कितने अन्य अपराधी मौजूद थे और वे किस दिशा में फरार हुए। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। सोन नदी में आने-जाने वाली नावों की भी जांच की जा रही है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग, बरामद हथियार और अपराधियों की गतिविधियों के संबंध में जांच कर रही है। पुलिस आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान कर रही है।
