पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना विमेंस कॉलेज के पोएसिस पोएट्री क्लब ने उर्दू विभाग के सहयोग से 29 अगस्त 2026 को कार्मेल हॉल में ‘नज़्म-ए-आज़ादी’ नामक काव्य पाठ सत्र का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य उर्दू कविता की सुंदरता और प्रभाव के माध्यम से स्वतंत्रता की भावना को अभिव्यक्त करना था। कार्यक्रम में छात्राओं और संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा आयोजन देशभक्ति, काव्य अभिव्यक्ति और सांस्कृतिक विरासत की भावना से ओत-प्रोत रहा। कुल 10 प्रतिभागियों ने अपनी नज़्में प्रस्तुत कर स्वतंत्रता की भावना और राष्ट्र के प्रति अपने भावों को व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन अदीबा और उम्मे हबीबा ने किया। वहीं उर्दू विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सहर रहमान ने ‘नज़्म-ए-आज़ादी’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए एक नज़्म प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि केवल उपनिवेशवाद से मुक्ति प्राप्त कर लेना ही राष्ट्र की सभी समस्याओं का समाधान नहीं है। उन्होंने साहिर की कविता के माध्यम से युवाओं को समाज के वंचित और हाशिए पर रहने वाले लोगों के लिए कार्य करने का संदेश दिया। उर्दू विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रियाज़ ने भी अपनी मधुर आवाज में नज़्म प्रस्तुत कर कार्यक्रम में विशेष संगीतमय रंग भर दिया। कार्यक्रम का समापन अलीना द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस आयोजन ने कविता और देशभक्ति को एक साथ जोड़ते हुए स्वतंत्रता की भावना को अभिव्यक्त करने का सार्थक मंच प्रदान किया।
