अररिया, रंजीत ठाकुर। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को फुलकाहा क्षेत्र में भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। जुलूस के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा क्षेत्र आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के संदेश से सराबोर रहा। जुलूस जामा मस्जिद के समीप स्थित मदरसा परिसर से शुरू होकर फुलकाहा गांधी चौक, शीतला मंदिर, थाना होते हुए पांचू मियां टोला और अटल चौक पहुंचा। इसके बाद जुलूस पुनः मदरसा परिसर पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। विभिन्न मार्गों से गुजरने के दौरान लोगों ने अनुशासन एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखा।
जुलूस में पूर्व जदयू जिलाध्यक्ष आशीष पटेल, नवाबगंज मुखिया प्रतिनिधि अरुण कुमार यादव, समाजसेवी मोहम्मद कासिम, जिला पार्षद क्षेत्र संख्या-01 प्रतिनिधि ब्रह्मदेव यादव, पूर्व मुखिया नवाबगंज संजय सिंह, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि राजा रक्षित, भाजपा जिला मंत्री आलोक साहा,पूर्व पंचायत समिति सदस्य रणविजय ठाकुर,जिला पार्षद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्रवण कुमार दास,महेश गुप्ता सहित दर्जनों लोग शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लोगों को आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। इस अवसर पर पूर्व जदयू जिलाध्यक्ष आशीष पटेल ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी हमें प्रेम, शांति, भाईचारे और मानवता का संदेश देता है।
समाज में आपसी एकता और सद्भाव बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। मुखिया प्रतिनिधि अरुण कुमार यादव ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करते हैं। सभी समुदायों के लोगों को मिल-जुलकर क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखना चाहिए। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। आयोजन समिति की ओर से जुलूस के दौरान अनुशासन एवं शांति बनाए रखने की अपील की गई। वहीं, विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में एसआई शिव शंकर कुमार, जितराज नाग सहित पुलिस बल जुलूस के साथ तैनात रहे। पुलिस की मुस्तैदी के बीच जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस मौके पर आयोजक डॉक्टर अफताब आलम, परवेज आलम, डॉक्टर शाहनवाज आलम, डॉक्टर आजाद अंसारी, मोजीव अंसारी, जावेद अंसारी, अशलम अंसारी, हसीब अंसारी, नजाम, बेचन, मोहम्मद तूफान आदि शामिल थे।
