पानीपत, धर्मवीर शर्मा : हरियाणा, सीआईए वन पुलिस टीम ने परशुराम धर्मशाला के पास एक्टिवा सवार सब्जी मंडी के आढ़ती का रास्ता रोककर लूट करने वाले गिरोह के एक आरोपी को मंगलवार शाम को विकाश नगर के पीछे एनएफएल रोड से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गांधी नगर गोहाना निवासी रोशन उर्फ अंकित बच्ची के रूप में हुई है।सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि उनकी टीम को मंगलवार को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि विकाश नगर के पीछे एनएफएल रोड पर एक संदिग्ध युवक घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया।
पूछताछ में उसने अपनी पहचान रोशन उर्फ अंकित बच्ची पुत्र फूल सिंह निवासी देवीपुरा गोहाना के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी ने फरार अपने दो अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर 20 जुलाई की अल सुबह एक बाइक पर सवार होकर संजय कॉलोनी में परशुराम धर्मशाला के पास एक्टिवा सवार एक युवक का रास्ता रोककर बर्फ तोड़ने वाला सुआ दिखाकर उससे मोबाइल फोन व एक सोने की अंगूठी लूटना स्वीकारा। लूट की उक्त वारदात बारे थाना माडल टाउन में न्यू शांति नगर निवासी इकबाल की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन व सोने की अंगूठी बरामद कर बुधवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।
यह है मामला;थाना माडल टाउन में न्यू शांति नगर निवासी इकबाल पुत्र टीकाराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि नई सब्जी मंडी में उसकी आढ़त की दुकान है। 20 जुलाई की अल सुबह करीब 4 बजे वह घर से एक्टिवा पर सवार होकर अपनी दुकान पर जा रहा था। रास्ते में संजय कॉलानी में परशुराम धर्मशाला के पास पहुंचा तो पीछे एक स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर आए तीन लड़कों ने उसका रास्ता रोक लिया और बर्फ तोड़ने वाला सुआ दिखाकर उससे मोबाइल फोन व सोने की अंगूठी लूट कर बाइक सहित फरार हो गए। थाना मॉडल टाउन में इकबाल की शिकायत पर लूट की धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।
