शेखपुरा, उमेश कुमार : समाहरणालय में डीएम शेखर आनंद की अध्यक्षता में ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित हुआ। दूर-दराज से आए लोगों ने अपनी समस्याएं डीएम के सामने रखीं।
आज कुल 31 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें खाता-खसरा चढ़ाने, भूमि मापी, आवास योजना, लोन माफी, पेयजल, बंटवारा, जमीन अतिक्रमण, परिमार्जन, मारपीट, मृत्यु प्रमाण पत्र, बिजली तार हटाने, टोला सेवक चयन, सफाई कर्मी मानदेय, दुर्घटना मुआवजा आदि मामले शामिल थे।
डीएम ने एक-एक फरियादी को पास बुलाकर समस्या सुनी और मौके पर ही संबंधित विभागों को निष्पक्ष जांच और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा, जनता की समस्या का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जो आवेदन आए हैं, उनका समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें। किसी परिवादी को बार-बार चक्कर न काटना पड़े।”_
इस दौरान जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सह जनता दरबार प्रभारी धर्मेंद्र कुमार समेत वरीय अधिकारी मौजूद थे।
