पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) कंकड़बाग थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए पटना पुलिस ने चेन स्नैचर गिरोह के चार अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की एक सोने की चेन, एक FZ मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने मानवीय सूचना एवं तकनीकी/वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के सदस्यों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान राहुल कुमार (22), मोहित कुमार (22), अजय कुमार उर्फ टिल्तु (29) और प्रिंस कुमार (23) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधियों ने कंकड़बाग थाना क्षेत्र में दर्ज तीन चेन स्नैचिंग के मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इसके अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में भी कई घटनाओं को अंजाम देने की बात सामने आई है। पुलिस जांच में गिरोह के सदस्यों का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इनके खिलाफ कंकड़बाग, पत्रकारनगर, दीघा, राजीवनगर और कदमकुआं थाना क्षेत्रों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में कंकड़बाग थानाध्यक्ष पु.नि. अभय कुमार के साथ पु.अ.नि. अभिषेक कुमार, आर्यन राज, बबीता कुमारी, अंकिता कुमारी, विक्की पासवान एवं सशस्त्र बल शामिल रहे।
