पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) महावीर कैंसर संस्थान की धर्मशाला में रहने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए निःशुल्क भोजन की सुविधा बहाल की गई है। श्री महावीर स्थान न्यास समिति द्वारा संचालित संस्थान में अब धर्मशाला में रहने वाले मरीज या उनके परिजनों को प्रतिदिन रात में एक समय का भोजन निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इस सुविधा का उद्घाटन श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल और अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एलबी सिंह ने किया। अधिकारियों के अनुसार, यह सुविधा रोटरी क्लब ऑफ पाटलिपुत्रा के सहयोग से बहाल की गई है।

‘अन्नपूर्णा योजना—एक थाली, एक मुस्कान’ के तहत भोजन में रोटी, चावल, दाल, सब्जी, पापड़, फल और मिठाई आदि उपलब्ध कराई जाएगी। भोजन अस्पताल की कैंटीन में तैयार कर धर्मशाला में वितरित किया जाएगा। योजना फिलहाल दो वर्ष के लिए लागू की गई है। धर्मशाला में करीब 250 से 300 मरीजों के परिजनों के रहने की व्यवस्था है। संस्थान की ओर से भोजन के लिए पांच रुपये का टोकन रखा गया है। सचिव सायण कुणाल ने कहा कि इस व्यवस्था से कैंसर मरीजों के परिजनों को काफी सहूलियत मिलेगी और उन्हें भोजन के लिए बाहर भटकना नहीं पड़ेगा। कार्यक्रम के दौरान सायण कुणाल, डॉ. एलबी सिंह, अंजनी कुमार सिन्हा, विपिन चाचन, विजय जैन, अनिल रिटोलिया, सच्चिदानंद कुमार, नवीन गुप्ता, शिल्पी चाचन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
