पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन लेट्स इंस्पायर बिहार ने नेता प्रतिपक्ष द्वारा संगठन और उसके मुख्य संरक्षक आईपीएस अधिकारी विकास वैभव पर लगाए गए आरोपों को निराधार, तथ्यहीन और भ्रामक बताया है। संगठन ने बुधवार को पटना में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि यह अभियान पूरी तरह गैर-राजनीतिक है और इसका उद्देश्य युवाओं को प्रेरित करना तथा शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता के माध्यम से बिहार के विकास में योगदान देना है।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि लेट्स इंस्पायर बिहार से चार लाख से अधिक युवा जुड़े हुए हैं और राज्य के विभिन्न जिलों में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं सांस्कृतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सामाजिक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों या समाजसेवियों की उपस्थिति को राजनीतिक संरक्षण या आर्थिक सहयोग से जोड़ना उचित नहीं है।
प्रेस वार्ता में संगठन ने स्पष्ट किया कि उसके सभी कार्यक्रम स्वयंसेवकों एवं सदस्यों के स्वैच्छिक अंशदान से संचालित होते हैं। किसी विधायक या अन्य व्यक्ति द्वारा संगठन को वित्तीय सहायता दिए जाने का दावा पूरी तरह निराधार है।
संगठन ने औरंगाबाद जिले में नगर परिषद डेहरी के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी जांच बिहार पुलिस द्वारा की जा रही है। जांच पूरी होने से पहले किसी अधिकारी की निष्पक्षता पर सवाल उठाना या किसी सामाजिक संगठन को विवाद से जोड़ना उचित नहीं है। संगठन ने कहा कि आईपीएस अधिकारी विकास वैभव ने अपने सेवाकाल में ईमानदारी और निष्पक्षता का परिचय दिया है। वे लेट्स इंस्पायर बिहार में किसी प्रशासनिक या आधिकारिक पद पर नहीं हैं
बल्कि केवल अभियान के प्रेरणास्रोत एवं मुख्य संरक्षक के रूप में सामाजिक गतिविधियों में सहयोग करते हैं। प्रेस वार्ता के दौरान संगठन ने नेता प्रतिपक्ष से पूछा कि उन्होंने किन तथ्यों के आधार पर संगठन को किसी विधायक से आर्थिक सहयोग मिलने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी सवाल किया कि क्या उनके पास इन आरोपों के समर्थन में कोई बैंकिंग रिकॉर्ड या अन्य ठोस साक्ष्य उपलब्ध हैं। प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं अधिवक्ता रोहित कुमार, राष्ट्रीय प्रवक्ता आमिर अहमद, समन्वयक गजेंद्र यादव, सुरभि, सतीश गांधी तथा विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) उमेंद्र कुमार त्रिपाठी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
