पटना सिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) 22 जुलाई पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पटना सिटी स्थित श्री गुरु गोविंद सिंह अस्पताल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर राज्य के 25 अनुमंडलीय अस्पतालों का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, स्थानीय विधायक सह सचेतक रत्नेश कुशवाहा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

नवनिर्मित अस्पताल भवन में मरीजों के लिए 100 बेड, 30 बेड का अत्याधुनिक आईसीयू, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों तथा विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं की व्यवस्था की गई है। अस्पताल में सर्जरी, मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक्स, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, यूरोलॉजी सहित अन्य विभागों में उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। महिलाओं के सुरक्षित प्रसव एवं नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए विशेष इकाई विकसित की गई है। साथ ही लोक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत डायलिसिस सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। अस्पताल में 24×7 स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
इस अवसर पर विधायक सह सचेतक रत्नेश कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना साहिब को स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक सौगात दी है। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह अस्पताल अब जिला अस्पताल के रूप में विकसित होकर पूरे बिहार के लिए एक आदर्श स्वास्थ्य संस्थान बनेगा। राज्य सरकार आमजन को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिसका लाभ पटना साहिब सहित आसपास के लाखों लोगों को मिलेगा।
इसी क्रम में नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा ₹46.26 करोड़ की लागत से निर्मित भद्र घाट, नौजर घाट एवं महावीर घाट रिवर फ्रंट पैदल पथ का भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उद्घाटन किया। रिवर फ्रंट पर नागरिकों के लिए आकर्षक पैदल पथ, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
