शेखपुरा, उमेश कुमार : सरकार के सबका सम्मान, जीवन आसान कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद की अध्यक्षता में जिला जनता दरबार का आयोजन किया गया।
दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, बुजुर्ग और जरूरतमंद लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे। आज के दरबार में कुल 43 आवेदन प्राप्त हुए। डीएम ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से सुनवाई की और संबंधित पदाधिकारियों को समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया।
डीएम का बयान
जिला पदाधिकारी ने कहा हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम जनता को न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले। इसके लिए जिला प्रशासन हर संभव प्रयत्नशील है।उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि फरियादियों को बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
प्रमुख मामले और निर्देश
जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, पेंशन, समाज कल्याण और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें आईं।
- PDS शिकायत: पिंजड़ी ग्राम के रामाकांत सिंह ने कम राशन मिलने की शिकायत की। DM ने जांच प्रतिवेदन जल्द सौंपने का आदेश दिया।
- भूमि विवाद: जमीन की मापी, खाता-खसरा चढ़ाने, भू-लगान, परिमार्जन, अतिक्रमण रोकने और जमीन बिक्री पर रोक संबंधी मामलों पर त्वरित जांच रिपोर्ट मांगी गई।
- समाज कल्याण: वृद्धापेंशन, विकलांगता पेंशन, ट्राईसाइकिल वितरण और ‘परवरिश योजना’ के लाभ से वंचित आवेदनों को जांच कर निष्पादित करने का निर्देश। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
- बुनियादी सुविधा: नया चापाकल लगाना, सिंचाई के लिए बिजली पोल-तार, विद्यालय में खेल मैदान, प्राथमिकी दर्ज कराना और आम रास्ते से अवरोध हटाने के आदेश।
- अन्य: मृत्यु प्रमाण पत्र, स्टूडेंट्स क्रेडिट कार्ड, लोन माफी और भरण-पोषण से जुड़े आवेदनों पर भी कार्रवाई के निर्देश।
उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर अपर समाहर्ता (जांच) श्री संजय कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री धर्मेंद्र कुमार सहित जिला स्तर के कई अधिकारी उपस्थित थे।
