पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) राजधानी के मरीन ड्राइव (गांधी मैदान) इलाके में उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की टीम ने मंगलवार की शाम गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की. छापेमारी के दौरान एक इको मारुति कार से 17 कार्टन विदेशी शराब जब्त की गई. इस मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है.
उत्पाद विभाग के अनुसार मंगलवार को शाम करीब 4.40 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार से अवैध रूप से विदेशी शराब की खेप ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही निरीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने मरीन ड्राइव (गांधी मैदान) क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध इको मारुति कार (निबंधन संख्या BR06 CS-5420) को रोककर तलाशी ली.
तलाशी के दौरान कार से 17 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई. जब्त शराब की कुल मात्रा 200.640 लीटर है. विभाग के अनुसार बरामद शराब की बाजार कीमत लगभग 70 हजार रुपये है. पुलिस ने शराब के साथ वाहन को भी जब्त कर लिया है.
कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपित की पहचान शिवम कुमार, निवासी छपरा के रूप में हुई है. उससे पूछताछ की जा रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी. उत्पाद विभाग पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है।
इस छापेमारी अभियान में निरीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में अवर निरीक्षक सोनम कुमारी, एएसआई अजीत परेल, डब्ल्यू कुमार तथा उत्पाद सिपाही विनिता कुमारी, अभिजीत, सुरेंद्र, राजकुमार और संदीप शामिल रहे। उत्पाद विभाग ने आरोपित के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
