अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र में शुक्रवार की शाम एसएसबी की “आई” समवाय फुलकाहा और बथनाहा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 18 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। तस्करी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन और एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर फुलकाहा एसएसबी कैंप प्रभारी सहायक सेनानायक राणा कुमार के निर्देशन में एसआई अतानु डोलूई एवं दो अन्य एसएसबी जवानों ने बथनाहा थाना के एएसआई विनोद कुमार तथा पुलिस बल के साथ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। सीमा चौकी पथरदेवा के कार्यक्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या-184 के समीप बथनाहा-वीरपुर मार्ग पर वाहन जांच के दौरान एक स्कॉर्पियो (रजिस्ट्रेशन संख्या BR-11BA-4474) की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 18 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
मौके से गिरफ्तार तस्कर की पहचान दीपक कुमार (26 वर्ष), पिता कैलू मंडल, निवासी ग्राम भागकोहलिया, थाना फारबिसगंज, जिला अररिया के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान वाहन के अलावा एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। फुलकाहा एसएसबी कैंप प्रभारी सहायक सेनानायक राणा कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक तस्कर चार पहिया वाहन से अचरा की ओर से गांजा लेकर बथनाहा की तरफ आने वाला है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम का गठन कर बथनाहा-वीरपुर मार्ग पर नाकेबंदी की गई। जांच के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 18 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी एवं जब्त सामान को बथनाहा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। बथनाहा थानाध्यक्ष राजवीर साहू ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ के बाद उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में अररिया जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
