पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के पर्यवेक्षण में अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाजेकलां थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में हथियार का प्रदर्शन करने वाले युवक की पहचान कर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, खाजेकलां थाना को प्राप्त एक वीडियो में एक युवक हथियार का प्रदर्शन करता दिखाई दिया था। वीडियो के आधार पर युवक को थाना बुलाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वीडियो में वही है तथा बताया कि हथियार उसके एक दोस्त का है।
युवक की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर एक देशी पिस्टल (मैगजीन सहित), एक देशी कट्टा तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए और एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। वहीं एक अन्य कार्रवाई में एक देशी कट्टा बरामद करते हुए दो विधिविरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया। पूरे अभियान के दौरान पुलिस ने कुल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया तथा दो विधिविरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया है। बरामद हथियारों को जब्त कर अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
