फुलवारीशरीफ, अजीत। गौरीचक थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान फजलचक से अवधपुर जाने वाली कच्ची सड़क किनारे लावारिस खड़ी एक इको कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है. पुलिस ने जब वाहन की बारीकी से तलाशी ली तो उसके अंदर विशेष रूप से बनाया गया एक गुप्त तहखाना मिला, जिसमें बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई थी. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और शराब तस्करों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है.
थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि नियमित गश्ती के दौरान पुलिस टीम को फजलचक-अवधपुर मार्ग पर कच्ची सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में एक लावारिस इको कार (बीआर-29एजी/1096) खड़ी मिली. प्रारंभिक तलाशी में शराब मिलने पर जब वाहन की गहन जांच की गई तो उसके अंदर बनाए गए गुप्त चैंबर (तहखाना) से और शराब बरामद हुई। पुलिस ने वाहन से कुल 885 बोतल किंगफिशर बीयर, 56 बोतल रॉयल स्टैग तथा 24 बोतल रॉयल ग्रीन ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की है. बरामद शराब को जब्त कर वाहन को थाना लाया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि तस्करों ने शराब की बड़ी खेप की तस्करी के लिए वाहन में विशेष रूप से गुप्त तहखाना तैयार कराया था. आशंका है कि पुलिस की सक्रियता और गश्ती के कारण तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए. मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर वाहन के मालिक, तस्करी नेटवर्क और फरार आरोपितों की पहचान के लिए कार्रवाई की जा रही है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
