अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फुलकाहा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 45 लीटर नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की है, जिसकी जांच की जा रही है। इस अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक शंभू शर्मा सहित अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम गुप्त सूचना के आधार पर फुलकाहा थाना पुलिस ने फुलकाहा-लक्ष्मीपुर सड़क स्थित वार्ड संख्या 11 के समीप छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान एक युवक को 150 बोतल ‘दिलवाले’ नेपाली शराब (करीब 45 लीटर) के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान नेपाल के सुनसरी जिला अंतर्गत दीवानगंज थाना क्षेत्र के पांचोसीमार गांव, वार्ड संख्या 03 निवासी राजकुमार यादव (19 वर्ष), पिता कृष्ण मोहन यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त हीरो पैशन प्रो बाइक (BR-25B-2217) भी जब्त कर ली।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया जब्त बाइक चोरी की प्रतीत हो रही है। वाहन के दस्तावेज एवं स्वामित्व की जांच की जा रही है। सीमा क्षेत्र में शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।
फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि जब्त शराब, बाइक एवं गिरफ्तार तस्कर से संबंधित कागजी प्रक्रिया पूरी कर सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में अररिया जेल भेज दिया गया। सीमा क्षेत्र में पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार एवं तस्करी के विरुद्ध आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
