फुलवारी शरीफ, अजीत : पटना जिले के खुसरूपुर थाना क्षेत्र के युसुफचक निवासी 21 वर्षीय युवक रोशन कुमार के लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी सकुशल बरामदगी के लिए आम जनता एवं पुलिस प्रशासन से मदद की अपील की है. युवक के पिता कमलेश कुमार कमल ने बताया कि उनका पुत्र रोशन कुमार 24 जून की सुबह करीब 8 बजे घर से पढ़ाई के लिए निकला था, लेकिन उसके बाद से वह वापस नहीं लौटा.
परिजनों के अनुसार रोशन कुमार प्रतिदिन ट्रेन से फतुहा पढ़ाई करने जाता था और लाइब्रेरी में अध्ययन करता था. घटना के दिन भी वह घर से निकलकर हरदास बीघा स्टेशन की ओर गया था, लेकिन फतुहा नहीं पहुंच सका. परिजनों द्वारा फतुहा स्टेशन तथा आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.
पिता कमलेश कुमार कमल ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल द्वारा फतुहा स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई, लेकिन युवक के स्टेशन पर पहुंचने की पुष्टि नहीं हो सकी. इससे आशंका जताई जा रही है कि वह फतुहा स्टेशन तक पहुंचा ही नहीं.
परिजनों ने बताया कि कुछ लोगों ने युवक को रेलवे स्टेशन के आसपास खड़ा देखा था, लेकिन उसके बाद वह कहां गया, इसकी जानकारी किसी को नहीं है. युवक के लापता होने से परिवार में चिंता और मातम का माहौल है.
लापता युवक रोशन कुमार की उम्र लगभग 21 वर्ष बताई गई है. वह ग्राम युसुफचक, पोस्ट फतुहा, थाना खुसरूपुर, जिला पटना का निवासी है. परिजनों ने आम जनता एवं पुलिस प्रशासन से अपील की है कि यदि किसी को युवक के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल परिजनों अथवा स्थानीय पुलिस को सूचना दें, ताकि युवक की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित हो सके.
युवक के पिता कमलेश कुमार कमल ने भावुक होकर कहा कि उनके घर में हाहाकार मचा हुआ है और वे केवल अपने पुत्र की सकुशल वापसी चाहते हैं.।
