फुलवारीशरीफ, अजित। दानापुर प्रखंड के मुरारचक-जमसौत स्थित आर्य ज्ञान सृष्टि स्कूल में आयोजित छह दिवसीय नि:शुल्क समर कैंप का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया. समापन समारोह में बच्चों ने पेंटिंग, क्राफ्टिंग, गीत-संगीत, नृत्य, कुकिंग प्रतियोगिता, खेलकूद तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समर कैंप का आयोजन एक जून से छह जून तक विद्यालय परिसर में किया गया था. इसमें प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा नौ तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. कैंप के दौरान बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया गया, जिससे उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास हो सके।
समापन समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों का मन मोह लिया. पेंटिंग, क्राफ्ट एवं कुकिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रोत्साहित किया गया. वहीं खेलकूद और क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामचंद्र प्रसाद ने कहा कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारना और उनमें आत्मविश्वास का विकास करना है. इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों को नई चीजें सीखने और रचनात्मक सोच विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं।
विद्यालय के निदेशक जीत सर ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है. बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सांस्कृतिक विकास के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आवश्यक हैं. उन्होंने समर कैंप में सक्रिय भागीदारी के लिए विद्यार्थियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। संस्थापक उमेश कुमार चौधरी ने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में इस तरह के नवाचारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियां भी जरूरी हैं। समारोह के अंत में सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई. कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
