बिहार

बेउर जेल रोड पर जलजमाव से बढ़ी लोगों की परेशानी, बीमारी और हादसे का खतरा

फुलवारीशरीफ, अजीत। बेउर मोड़ से बेउर जेल जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे वर्षों से बने जलजमाव ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. सड़क किनारे नाले के गलत निर्माण और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास की कॉलोनियों, खाली प्लॉटों और रिहायशी इलाकों में गंदा पानी जमा हो गया है.हालात ऐसे हैं कि कई स्थानों पर तालाब जैसा दृश्य बना हुआ है, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाइयों के साथ-साथ डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी सताने लगा है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि बेउर जेल रोड स्थित पाटलिपुत्र सेंट्रल स्कूल के उत्तर दिशा में स्थित खाली जमीन में वार्ड संख्या-11 की ओर से नाले का पानी लगातार जमा हो रहा है.इस संबंध में मोहल्लावासियों ने पूर्व में पटना नगर निगम के अपर नगर आयुक्त (सफाई) को लिखित आवेदन देकर समस्या के समाधान की मांग भी की थी, लेकिन अब तक स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ है।

लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क के किनारे नाला तो बनाया गया, लेकिन उसका स्तर और ढाल सही नहीं होने के कारण आसपास का पानी नाले में जाने के बजाय खाली प्लॉटों और निचले क्षेत्रों में जमा हो रहा है. कई स्थानों पर झाड़ियां, बड़े-बड़े घास और कूड़े-कचरे का अंबार लगा हुआ है. गंदे पानी में नालियों का बहाव भी हो रहा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है।

Advertisements
Ad 1

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि बेउर मोड़ से लेकर बेउर जेल तक दोनों ओर नालों पर अतिक्रमण कर फल, सब्जी, मांस, मछली और अन्य दुकानों का संचालन किया जा रहा है. दुकानों से निकलने वाला कचरा और अपशिष्ट भी जलजमाव वाले क्षेत्रों में फेंका जा रहा है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है. नगर निगम द्वारा न तो अतिक्रमण हटाने की प्रभावी कार्रवाई की गई और न ही जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था की गई।

मोहल्लावासियों ने बताया कि बरसात के दिनों में स्थिति और भयावह हो जाती है. सड़क किनारे बने गड्ढों और जलजमाव के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. पिछले वर्ष एक मोटरसाइकिल सवार जलजमाव वाले गड्ढे में गिरकर घायल भी हो गया था.उस समय निर्माण एजेंसी पर लगभग 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था, लेकिन उसके बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। स्थानीय निवासियों ने पटना नगर निगम से मांग की है कि नाले की तकनीकी जांच कराकर उसकी खामियों को दूर किया जाए, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए तथा नालों पर हुए अतिक्रमण को हटाकर क्षेत्र को जलजमाव से मुक्त कराया जाए. लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका और बढ़ जाएगी।

Related posts

शेखपुरा में ‘सबका सम्मान जीवन आसान’ कार्यक्रम, डीएम ने 16 आवेदनों पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

शेखपुरा डीएम ने विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का निरीक्षण किया, बच्ची इरा को लिया गोद

शेखपुरा समाहरणालय में गैर संचारी रोग स्क्रीनिंग शिविर, 136 लोगों की जांच में 32 में मिले लक्षण

error: