फुलवारीशरीफ, अजीत। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के 37वें जन्मदिन पर पटना स्थित पार्टी के राज्य कार्यालय, 2 वीरचंद पटेल पथ के कर्पूरी सभागार में सामाजिक सद्भावना दिवस के रूप में भव्य समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर राजद विधायक सह पूर्व मंत्री डॉ. रामानंद यादव ने तेजस्वी यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके यशस्वी, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की. विधायक डॉ. रामानंद यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई को नई मजबूती मिलेगी. उन्होंने पार्टी के विचारों और सामाजिक न्याय की राजनीति को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया। समारोह में तेजस्वी यादव ने हजारों नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में 37 पाउंड का केक काटकर जन्मदिन मनाया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केक और मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की और तेजस्वी यादव के समर्थन में नारे लगाए. पूरे सभागार में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने की, जबकि संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. तनवीर हसन एवं प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने किया. इस अवसर पर तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं से लालू प्रसाद यादव के विचारों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने की अपील की. उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति को समाप्त कर नौकरी, रोजगार और सामाजिक सद्भाव की राजनीति को मजबूत करना है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से सकारात्मक सोच के साथ संघर्ष और आंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक डॉ. रामानंद यादव के साथ वेद प्रकाश यादव, बिनोद कुमार सहित पार्टी के अनेक नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. समारोह में हजारों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
