बिहार

कैंसर सर्वाइवर्स दिवस पर 60 से अधिक कैंसर विजेता सम्मानित, मेदांता ने योग व स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश

फुलवारीशरीफ, अजीत। कैंसर सर्वाइवर्स दिवस के अवसर पर जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटना द्वारा दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. एक ओर अस्पताल परिसर में कैंसर से जंग जीत चुके 60 से अधिक कैंसर विजेताओं को सम्मानित किया गया, वहीं दूसरी ओर पतंजलि योगपीठ के सहयोग से कंकड़बाग स्थित शिवाजी पार्क में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कैंसर सर्वाइवर्स दिवस पर आयोजित विशेष इंटरैक्टिव कार्यक्रम में कैंसर से सफलतापूर्वक उपचार प्राप्त कर चुके मरीजों ने अपने संघर्ष, उपचार और स्वस्थ जीवन की ओर वापसी की प्रेरणादायक कहानियां साझा कीं. मरीजों ने बताया कि समय पर उपचार, परिवार का सहयोग, चिकित्सकों का मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच ने उन्हें बीमारी से लड़ने की ताकत दी।

इस अवसर पर अस्पताल के कैंसर विशेषज्ञों ने कहा कि कैंसर अब केवल भय का विषय नहीं है. समय पर पहचान, आधुनिक चिकित्सा तकनीक, सही उपचार और नियमित फॉलोअप के माध्यम से कई मरीज सामान्य और बेहतर जीवन जी रहे हैं. विशेषज्ञों ने शरीर में होने वाले असामान्य बदलावों को नजरअंदाज नहीं करने और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।

Advertisements
Ad 1

डॉ. चंदन कुमार झा, डॉ. अमरेन्द्र अमर, डॉ. अमित कुमार, डॉ. संदीप कुमार तथा डॉ. माला सिन्हा ने कैंसर के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और आधुनिक उपचार पद्धतियों की महत्ता पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि कैंसर सर्वाइवर्स समाज के लिए साहस, उम्मीद और सकारात्मक सोच के प्रतीक हैं। वहीं मेदांता पटना एवं पतंजलि योगपीठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में 200 से अधिक लोगों ने भाग लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, योग, रोग प्रतिरोधक क्षमता और निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में योगाभ्यास, प्राणायाम तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया. इस दौरान मेदांता के डायरेक्टर क्लिनिकल कार्डियोलॉजी डॉ. अजय कुमार सिन्हा ने कहा कि हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित खान-पान, समय पर जांच और योग बेहद आवश्यक है। कार्यक्रम में भारत स्वाभिमान न्यास, पतंजलि योग समिति तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही. वक्ताओं ने स्वस्थ समाज के निर्माण में योग और जागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। मेदांता प्रबंधन ने कहा कि अस्पताल केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि जन-जागरूकता, निवारक स्वास्थ्य सेवाओं और सामुदायिक स्वास्थ्य पहलों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

Related posts

समर कैंप में बच्चों ने सीखी मधुबनी पेंटिंग, डांस और आत्मनिर्भरता के गुर

बेउर जेल रोड पर जलजमाव से बढ़ी लोगों की परेशानी, बीमारी और हादसे का खतरा

नोट डबल करने के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह दबोचा गया, तीन शातिर पुलिस के हत्थे चढ़े

error: