जहानाबाद, (न्यूज़ क्राइम 24) विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान के नेतृत्व में पुलिस केंद्र परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं मेन्स एसोसिएशन के सदस्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण तथा हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने परिसर के विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष का रूप देने का संकल्प भी लिया गया, ताकि पर्यावरण संतुलन को मजबूत बनाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक लोहान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी बननी चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण पर बल दिया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले के सभी थाना परिसरों में भी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें थाना अध्यक्षों एवं पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण किया तथा आमजन को हरित आवरण बढ़ाने, स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सामूहिक उत्तरदायित्व निभाने का संकल्प दोहराया गया।
