बिहार

अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र पासवान ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के माननीय मंत्री लखेंद्र पासवान ने गुरुवार को सचिवालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विभागीय कार्ययोजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री ने विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और 100 दिनों की कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मंत्री पासवान ने कहा कि डॉ भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालयों में शिक्षकों की रिक्तियों को शीघ्र भरा जाएगा। इसके लिए बिहार लोक सेवा आयोग को 1048 पदों (प्रधानाध्यापक एवं अध्यापक) पर नियुक्ति के लिए अधियाचना सौंप दी गई है। उन्होंने बताया कि अम्बेडकर आवासीय विद्यालयों में सफाई कर्मी, नाई, माली समेत कई कर्मियों के लिए 365 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। सहयोग शिविर के बारे में मंत्री ने कहा कि विकसित बिहार बनाने में इसकी अहम भूमिका है।

मंत्री ने बताया कि चार प्रखंडों में 720 क्षमता वाले नए डॉ भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालयों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इनमें वैशाली जिले का पातेपुर, पश्चिम चंपारण जिले का नरकटियागंज, मुजफ्फरपुर जिले का मीनापुर और खगड़िया जिले का खगड़िया प्रखंड शामिल हैं। इसके अलावा, 18 जिलों में स्वीकृत सावित्रीबाई फुले छात्रावासों का निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है।

Advertisements
Ad 1

मंत्री ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि जनता के लिए महत्वपूर्ण किसी भी मामले से उन्हें तुरंत अवगत कराया जाए। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना एक करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की है, जिसमें इस विभाग की भी अन्य विभागों के साथ अहम भूमिका है। इसके अलावा अत्याचार अधिनियम के तहत 121 आश्रितों की नियुक्ति की गई है। सरकार हर प्रखंड में डॉ अम्बेडकर कल्याण छात्रावास स्थापित करने जा रही है तथा हर विधानसभा क्षेत्र में डॉ भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय खोलने की योजना पर भी काम चल रहा है। बिहार महादलित विकास मिशन के अंतर्गत महादलित टोलों में सामुदायिक भवन सह वर्कशेड निर्माण कार्य चल रहा है। अब तक 4983 सामुदायिक भवन पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 1025 का निर्माण कार्य प्रगति पर है। बैठक में कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। मंत्री पासवान ने अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के सचिव संदीप कुमार आर पुडकलकट्टी (आई.ए.एस) समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts

मुजफ्फरपुर अग्निकांड : दिल्ली दौरा छोड़ पटना लौटे स्वास्थ्य मंत्री निशांत, मेदांता में घायलों से मिले

जहानाबाद में दहेज हत्या के लंबित मामलों की समीक्षा, त्वरित कार्रवाई के निर्देश

अर्बन डी-कंजेशन की नई पहल, जाम से राहत, यातायात होगा और अधिक सुगम : इं. कुमार शैलेंद्र

error: