पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि राज्य सरकार किसानों की आय में वृद्धि, आधुनिक कृषि तकनीकों के विस्तार तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में कृषि को परंपरागत व्यवस्था से निकालकर आधुनिक, लाभकारी एवं तकनीक आधारित व्यवस्था में परिवर्तित करने की दिशा में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं।
माननीय मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि क्षेत्र में नवाचार, उन्नत बीज, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, कृषि यंत्रीकरण, जैविक खेती तथा किसानों को बाजार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रभावी पहल कर रही है। सरकार की प्राथमिकता केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि किसानों की वास्तविक आय बढ़ाना और उन्हें कृषि उद्यमी के रूप में विकसित करना है।
माननीय मंत्री ने कहा कि”आज कृषि केवल परंपरागत खेती तक सीमित नहीं है। तकनीक आधारित खेती, फसल विविधीकरण, कृषि उद्यमिता एवं वैज्ञानिक पद्धतियाँ किसानों के लिए नए अवसरों का द्वार खोल रही हैं। हमारा लक्ष्य खेती को टिकाऊ, आधुनिक और लाभकारी बनाना है ताकि किसान आत्मनिर्भर बन सकें और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई शक्ति मिल सके।”
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण योजनाओं के माध्यम से किसानों को सीधे लाभ पहुँचाया जा रहा है।
● राज्य के 38 जिलों में चतुर्थ कृषि रोड मैप (2023-28) के तहत कृषि विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।
● वित्तीय वर्ष 2026-27 में जैविक खेती एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु ₹497.50 लाख की योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है।
● छोटे एवं सीमांत किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए लगभग 92 प्रकार के विभिन्न कृषि यंत्रों पर 50 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
● किसानों को “हर खेत तक पानी” अभियान के तहत सिंचाई सुविधाओं से जोड़ने के लिए ड्रिप एवं माइक्रो इरिगेशन प्रणाली को बढ़ावा दिया जा रहा है।
● कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर, किसान उत्पादक संगठन (FPO) तथा कृषि स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
● जैविक खेती के विस्तार हेतु वर्मी कम्पोस्ट एवं बायोगैस इकाइयों के विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति में वृद्धि तथा किसानों की लागत में कमी आएगी।
● ग्रामीण युवाओं को कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों से जोड़ने के लिए कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार के किसान मेहनती, नवाचार को अपनाने वाले तथा कृषि विकास के वास्तविक आधार हैं। सरकार किसानों के खेत से बाजार तक हर स्तर पर सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे वैज्ञानिक खेती अपनाएँ, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर उर्वरकों का उपयोग करें, जल संरक्षण को प्राथमिकता दें तथा सरकार की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएँ। अंत में मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि किसानों के परिश्रम, वैज्ञानिक तकनीकों, आधुनिक कृषि पद्धतियों तथा सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति के सामूहिक प्रयास से बिहार कृषि क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा और देश में एक नई पहचान स्थापित करेगा।
