पटनासिटी, रॉबीन राज। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवरात्रि के दौरान स्थापित मां दुर्गा की अति-यथार्थवादी और जीवंत प्रतिमा ने हाल ही में पूरे देश का ध्यान खींचा था। अब उसी तर्ज पर, पटना सिटी के कचौड़ी गली स्थित कमला देवी स्थान में स्थापित मां लक्ष्मी की एक बेहद मनमोहक और जीवंत प्रतिमा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस प्रतिमा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से ही स्थान पर श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। दूर-दूर से लोग मां के दर्शन करने आ रहे हैं और इस अद्भुत प्रतिमा की सुंदरता को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर रहे हैं।
इस भव्य प्रतिमा का आकर्षण इतना है कि अलग-अलग जगहों से यूट्यूबर्स और ब्लॉगर्स भी यहां पहुंच रहे हैं। वे मां की इस जीवंत प्रतिमा के वीडियो बनाकर अपने-अपने तरीके से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर रहे हैं, जिससे इसकी लोकप्रियता और बढ़ती जा रही है। इस बढ़ती भीड़ और प्रतिमा की लोकप्रियता को लेकर पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि कलाकारों ने इस प्रतिमा को जीवंत रूप देने में विशेष मेहनत की है।
