फुलवारीशरीफ, अजित। पटना के फुलवारी शरीफ नगर परिषद में शनिवार को आयोजित मासिक बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता और बढ़ती आबादी के अनुरूप सुविधाओं के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक में स्थानीय विधायक श्याम रजक, नगर परिषद सभापति आफताब आलम, कार्यपालक पदाधिकारी सहित सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे।
विधायक श्याम रजक ने कहा कि फुलवारी शरीफ अब तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है और इसे स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जनभागीदारी जरूरी है. उन्होंने बताया कि बिहटा-सरमेरा पथ एवं नेशनल हाईवे-98 (अब एनएच-139) शहर में बीचों बीच गुजरता है. इसके अलावा पटना-बक्सर फोरलेन के रूप में नया हाइवे विकसित हो रहा है जो फुलवारी शरीफ से होकर गुजरता है. ऐसे में यह इलाका राज्य ही नहीं बल्कि देशभर के लोगों के लिए एक प्रमुख प्रवेश द्वार बन चुका है।
उन्होंने कहा कि एम्स पटना, महावीर कैंसर संस्थान, खानकाह मुजीबिया, इमारत-ए-शरिया जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं. बाहर से आने वाले लोगों के बीच फुलवारी शरीफ की साफ-सुथरी और व्यवस्थित छवि बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है. सबको मिल जुल कर काम करना है नगर परिषद फुलवारी शरीफ को नंबर वन बनाना है। श्याम रजक ने स्पष्ट कहा कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए लोगों को अपनी आदतों में बदलाव लाना होगा. सड़कों पर कचरा फेंकने, नालों में प्लास्टिक डालने और सार्वजनिक स्थानों को गंदा करने की प्रवृत्ति पर रोक लगानी होगी. उन्होंने कहा कि फुलवारी शरीफ थाना गोलंबर, शहीद भगत सिंह चौक,एम्स गेट के पास बन रहे सद्भावना चौक सहित प्रमुख स्थलों का सौंदर्यीकरण कर शहर को आकर्षक बनाया जाएगा।
नगर परिषद सभापति आफताब आलम ने कहा कि सफाई कर्मी दिन-रात अलग-अलग शिफ्ट में शहर के विभिन्न इलाकों में साफ-सफाई का काम कर रहे हैं. नालों की सफाई, कचरा उठाव और सड़कों की सफाई लगातार की जा रही है. उन्होंने आमजनों से अपील की कि सफाई कर्मियों का सहयोग करें और किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे नगर परिषद से संपर्क करें। उन्होंने यह भी कहा कि जहां कहीं भी सफाई व्यवस्था में कमी दिखे, वहां तत्काल सुधार किया जाएगा. नगर परिषद नागरिकों के साथ समन्वय बनाकर शहर को स्वच्छ और विकसित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी ने भी विभिन्न वार्डों की समस्याओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. तय किया गया कि विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ स्वच्छता अभियान को और सशक्त बनाया जाएगा, ताकि फुलवारी शरीफ को एक आदर्श नगर परिषद के रूप में विकसित किया जा सके।
